उत्तराखंडदेहरादून

समाधान दिवस में 145 से अधिक फरियादियों की सुनी समस्याएं, लंबित शिकायतों पर आयुक्त सख्त. 180 दिन से लंबित मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतें एक माह में निस्तारित करने के निर्देश.

खबर को सुने

Reporter: क्रांति पथ न्यूज ब्यूरो (Jaibir Rawat).
देहरादून 10 अगस्त,2026 .
गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समाधान दिवस में 145 से अधिक फरियादियों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें आयुक्त के समक्ष रखीं। आयुक्त ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया। शेष शिकायतों के संबंध में संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समाधान दिवस के दौरान आयुक्त ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों तथा विभागीय स्तर पर लंबित मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा भी की। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर कतिपय शिकायतें 180 दिनों से अधिक समय से लंबित पाए जाने पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित विभागों को एक माह के भीतर ऐसी सभी शिकायतों का अनिवार्य रूप से निस्तारण करने के निर्देश दिए।

बुजुर्ग फरियादियों के लिए कलेक्ट्रेट में होगी स्वास्थ्य जांच.
समाधान दिवस में बड़ी संख्या में बुजुर्ग फरियादियों के पहुंचने का संज्ञान लेते हुए आयुक्त ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को अपनी शिकायत के निस्तारण के लिए लंबे समय तक प्रतीक्षा न करनी पड़े। उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में ही निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सड़क, सुरक्षा दीवार और आपदा से जुड़े मामलों पर त्वरित कार्रवाई.
खत कोरू विकास समिति के अध्यक्ष ने कालसी विकासखंड में लंबे समय से स्वीकृत सड़कों का निर्माण कार्य शुरू न होने की शिकायत की। इस पर संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए गए।
ग्राम प्रधान बड़ासी ग्रांट ने सौंग नदी का जलस्तर बढ़ने से सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त होने तथा नदी के पानी का बहाव आबादी क्षेत्र की ओर होने से संभावित नुकसान की आशंका जताई। आयुक्त ने प्रभागीय वनाधिकारी को मौके की जांच कर सौंग नदी तट पर सुरक्षा दीवार निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। वहीं ग्राम पंचायत बड़ासी ग्रांट में ग्राम समाज की भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत पर तहसीलदार को जांच कर अवैध अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।

अजबपुर कलां स्थित बैंक कॉलोनी में बरसात का पानी घरों में घुसने की शिकायत पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करते हुए समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।

कालसी के पूर्व ब्लॉक प्रमुख मठोर सिंह चौहान ने ग्राम पंचायत सलगा के अंतर्गत डेगडा खंड में भारी वर्षा से पैदल पुलिया क्षतिग्रस्त होने की शिकायत रखी। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आपदा मद में तत्काल आकलन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
मार्ग अवरुद्ध करने और अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई के निर्देश.
68 वर्षीय प्रेम सिंह बिष्ट ने शिकायत की कि उनका दामाद मकान पर कब्जा करने की नीयत से उनके साथ मारपीट एवं धमकी दे रहा है तथा उन्हें उनके ही घर से बेघर करने का प्रयास कर रहा है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आयुक्त ने एसपी सिटी को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
समाधान दिवस के अंत में गढ़वाल आयुक्त ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी कि स्थानीय स्तर की समस्याओं को जिला मुख्यालय तक न आने दें और उनका निस्तारण निचले स्तर पर ही सुनिश्चित करें। उन्होंने अवैध अतिक्रमण, भूमि पर अवैध कब्जे और भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जनता दरबार में जिलाधिकारी डॉ0 आशीष चौहान, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, डीएफओ वैभव सिंह, अपर जिलाधिकारी (वि.रा) केके मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (प्रशा) स्मृता परमार, पुलिस अधीक्षक जगदीश पंत, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, एसडीएम सदर अपूर्वा सिंह, एसडीएम अपर्णा ढौडियाल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button