
Reporter:: क्रांति पथ न्यूज ब्यूरो.
उत्तरकाशी :14जुलाई 2026. बाल, महिला एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता को सशक्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में उत्तरकाशी पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) द्वारा जनपदभर में निरंतर जागरूकता अभियान संचालित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में AHTU टीम द्वारा राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय मनेरी, राजकीय प्राथमिक विद्यालय डांग एवं राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय डांग में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को मानव तस्करी, बाल श्रम, बाल विवाह, नशे के दुष्प्रभाव, साइबर अपराध, महिलाओं के विरुद्ध अपराध, गुड-टच, बेड-टच, POCSO अधिनियम तथा अन्य महत्वपूर्ण कानूनी एवं सामाजिक विषयों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
टीम द्वारा विद्यार्थियों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि, शोषण अथवा अपराध की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुँचाने के लिए प्रेरित करते हुए आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 की उपयोगिता से अवगत कराया गया। साथ ही Uttarakhand Police App के विभिन्न सुरक्षा संबंधी फीचर्स एवं उपयोग के बारे में भी जानकारी दी गई। अनजान व्यक्ति की बातों पर विश्वास न करने, सोशल मीडिया एवं इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग करने का संदेश दिया गया।



