Blog

मानसून काल के बाद चारधाम यात्रा के दूसरे चरण को लेकर प्रशासन अलर्ट, जिलाधिकारी ने किया यमुनोत्री धाम में व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण.

खबर को सुने

यमुनोत्री/बड़कोट, 14सितंबर 2026.
मानसून काल की समाप्ति के बाद चारधाम यात्रा के दूसरे चरण के सुगम एवं सुव्यस्थित संचालन को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड में हैं। अपने दो दिवसीय भ्रमण के दौरान रविवार को जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने यमुनोत्री धाम पहुंचकर यात्रा मार्ग से लेकर धाम तक व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मानसून के दौरान प्रभावित हुए पैदल मार्ग एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक मरम्मत, रखरखाव एवं व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने यमुनोत्री धाम पैदल मार्ग के किनारे क्षतिग्रस्त रैलिंग और दीवार के लिए अधीक्षण अभियंता लोनिवि को तत्काल मरम्मत करने के निर्देश दिए तथा यमुनोत्री धाम तक के लगभग 5 किमी लंबे पैदल यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर मार्ग की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया और श्रद्धालुओं की सुविधा को दृष्टिगत सभी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने यमुनोत्री धाम, जानकीचट्टी, खरसाली और पैदल मार्ग पर स्वच्छता व्यवस्था को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है। उन्होंने जिला पंचायत व सुलभ इंटरनेशनल को यात्रा मार्ग से कूड़ा और लीद नियमित रूप से हटाने के आदेश दिए। इसके अलावा, सुलभ इंटरनेशनल को शौचालयों की तत्काल मरम्मत, पर्याप्त जलापूर्ति और सतत सफाई सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा श्रद्वालुओं द्वारा विसर्जित की जा रही साड़ियों के निस्तारण के लिए स्थाई समाधान करने के निर्देश देते हुए मंदिर के आसपास गंदगी की सफाई करने की लिए जिला पंचायत को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिये।

जिलाधिकारी ने जानकीचट्टी सहित यमुनोत्री यात्रा मार्ग के विभिन्न पड़ावों पर निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यात्रा मार्ग एवं पड़ावों पर चिकित्सा व्यवस्थाओं को सक्रिय रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने एवं चिकित्सकों की तैनाती और आवश्यक दवाईयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। यात्रा पैदल मार्ग पर स्थापित फर्स्ट मेडिकल रिस्पॉन्डर स्वास्थ्य मित्रों के कैंपों के दरवाजों को तत्काल बदलवाने के निर्देश दिए

यमुनोत्री धाम में जिलाधिकारी ने पेयजल, विद्युत, सफाई, शौचालय, चेंजिंग रूम सहित श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि धाम में आने वाले श्रद्धालुओं को मूलभूत सुविधाओं के लिए किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इस दौरान उपजिलाधिकारी बड़कोट बृजेश तिवारी, सीओ बड़कोट चंचल शर्मा,अधीक्षण अभियंता विजय कुमार, ईई सिंचाई रामस्वरूप बड़ौनी, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत भावना रावत, परियोजना प्रबंधक रीप कपिल उपाध्याय, पर्यावरण विशेषज्ञ प्रताप मटूडा सहित यमुनोत्री मंदिर समिति सचिव सुनील उनियाल व अन्य समिति सदस्य एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button