Blogदेहरादून

मुख्यमंत्री ने सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े का लोकार्पण करते हुए कहा कि सफेद बाघ के आने से देहरादून चिड़ियाघर में बढ़ेगा पर्यटकों का आकर्षण : मुख्यमंत्री

खबर को सुने

मुख्यमंत्री ने सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े का लोकार्पण करते हुए कहा कि सफेद बाघ के आने से देहरादून चिड़ियाघर में बढ़ेगा पर्यटकों का आकर्षण : मुख्यमंत्री

देहरादून:19 नवम्बर 2026.
Reporter: क्रांति पथ न्यूज ब्यूरो.
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देहरादून के मालसी स्थित चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े का लोकार्पण कर उसे पर्यटकों के अवलोकनार्थ समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सफेद बाघ ‘तेजस’ के आगमन से देहरादून चिड़ियाघर का आकर्षण और बढ़ेगा तथा यहां आने वाले पर्यटकों को वन्यजीवों के अवलोकन का नया अनुभव प्राप्त होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में से एक है। यहां प्रतिवर्ष लगभग 8.50 लाख पर्यटक आते हैं तथा सात करोड़ रुपये से अधिक की आय प्राप्त होती है। सफेद बाघ के आने से पर्यटकों की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर केवल पर्यटन का केंद्र ही नहीं, बल्कि वन्यजीवों एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। यहां आने वाले बच्चों और युवाओं को वन्यजीवों, वनों की जैव विविधता तथा पारिस्थितिकी तंत्र को समझने का अवसर मिलता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व में बच्चों के लिए चिड़ियाघर में निःशुल्क भ्रमण की व्यवस्था की गई थी, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है। इस पहल से बच्चों को वन्यजीवों के बारे में जानकारी प्राप्त करने तथा प्रकृति एवं पर्यावरण के साथ उनके संबंध को समझने का अवसर मिला है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर घोषणा की कि देहरादून चिड़ियाघर में कॉलेजों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को भी निःशुल्क प्रवेश की सुविधा प्रदान की जाएगी। । इससे युवाओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और वे भविष्य में राज्य एवं देश के विकास के साथ ही प्रकृति संरक्षण में भी अपना योगदान दे सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड भौगोलिक एवं पर्यावरणीय दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील राज्य है। प्रदेश को प्रतिवर्ष विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में विकास कार्यों के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। राज्य सरकार पारिस्थितिकी और अर्थव्यवस्था के बीच संतुलन स्थापित करते हुए विकास को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड देश के सर्वाधिक वन क्षेत्र वाले प्रमुख राज्यों में शामिल है।

इस अवसर पर वन मंत्री श्री सुबोध उनियाल, प्रमुख सचिव वन श्री आर. के. सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ) श्री कपिल लाल सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button