जिलाधिकारी के निर्देश पर,दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग का अभियान तेज, मिठाई, पनीर और तेल के नमूने जांच को भेजे.

जिलाधिकारी के निर्देश पर,दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग का अभियान तेज, मिठाई, पनीर और तेल के नमूने जांच को भेजे.
Reporter: क्रांति पथ न्यूज ब्यूरो.
उत्तरकाशी,01 नवम्बर 2026.
त्योहारी सीजन के मद्देनजर जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावटखोरी पर रोक लगाने के लिए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशों के क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की विभागीय टीम ने काली कमली मार्केट, मातली, ज्ञानसू एवं जोशियाड़ा बाजार का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की।
निरीक्षण के दौरान टीम ने विभिन्न दुकानों से कुल 10 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए। इनमें पनीर का एक, खाद्य तेल का एक तथा मिठाई के आठ नमूने शामिल हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। सहायक आयुक्त खाद्य संरक्षा अश्वनी सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में यह अभियान लगातार जारी रहेगा और बाजारों में खाद्य पदार्थों की नियमित जांच की जाएगी, ताकि आम जनता को त्योहार के दौरान शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।निरीक्षण में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी बलवंत सिंह चौहान उपस्थित रहे।



