उत्तरकाशी

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश, स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त .

खबर को सुने

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश,
स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त .

उत्तरकाशी,04 नवम्बर 2026.
Reporter: क्रांति पथ न्यूज ब्यूरो.
जनपद में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, पर्यावरण संरक्षण तथा माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा पारित आदेशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में बुधवार को वीसी के माध्यम से संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं स्थानीय निकायों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन केवल विभागीय औपचारिकता नहीं है। जनस्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण एवं जनपद की स्वच्छ छवि से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि न्यायालय के आदेशों का समयबद्ध एवं प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा विशेष रूप से सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध के प्रभावी क्रियान्वयन, नियमित प्रवर्तन कार्रवाई तथा कचरा संग्रहण एवं निस्तारण व्यवस्था में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद बड़कोट तथा नगर पंचायत नौगांव एवं पुरोला के स्तर पर सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध के विरुद्ध माह अक्टूबर, 2026 में की गई प्रवर्तन कार्रवाई के संबंध में अपेक्षित प्रगति एवं अभिलेख प्रस्तुत नहीं होने पर संबंधित अधिशासी अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के अंदर तथ्यात्मक एवं अभिलेखीय स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए तथा अधिशासी अधिकारी नगर पालिका चिन्यालीसौड़ को बैठक में उपस्थित न होने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन इस प्रकार की लापवाही की पुनरावर्ती होने पर प्रतिकूल प्रविष्टि देने के भी निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी नगर निकाय एवं संबंधित विभाग अपने-अपने क्षेत्रों में कूड़ा संग्रहण, पृथक्करण, परिवहन एवं वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था को प्रभावी बनाएं तथा मासिक प्रगति रिपोर्ट एवं आवश्यक फोटोग्राफ नियमित रूप से उपलब्ध कराएं। जिलाधिकारी ने गंगोत्री एवं यमुनोत्री धाम सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर विशेष बल दिया।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र, प्रभागीय वनाधिकारी, जिला पंचायत एवं पर्यटन विभाग के अधिकारियों सहित समस्त खंड विकास अधिकारी तथा नगर निकायों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button