दीपावली के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन, 15 प्रतिष्ठानों की जांच और 4 नमूने संग्रहित. जिलाधिकारी,प्रशांत आर्य के कड़े निर्देश.

दीपावली के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन, 15 प्रतिष्ठानों की जांच और 4 नमूने संग्रहित.
जिलाधिकारी,प्रशांत आर्य के कड़े निर्देश.
उत्तरकाशी,04 नवम्बर 2026.
Reporter: क्रांति पथ न्यूज ब्यूरो.
दीपावली पर्व पर आम जनमानस को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशों के अनुपालन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने आज जिला मुख्यालय स्थित मुख्य बाजारों में औचक निरीक्षण किए।
निरीक्षण के दौरान कुल 15 व्यापारिक प्रतिष्ठानों की जांच की गई। मिलावटखोरों पर नकेल कसने के लिए विभाग ने विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 04 संदिग्ध नमूने मौके पर ही सील किए, जिनमें तेल के 02, गुड़ का 01 और मिठाई का 01 सैंपल शामिल है। इन सभी नमूनों को मानक परीक्षण के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेज दिया गया है, जहां से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा दल ने बाजारों में खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया एवं नमूने संकलित किए।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशन में आम जनता के स्वास्थ्य सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन द्वारा यह छापेमारी अभियान निरंतर जारी है। आज की कार्रवाई के दौरान सहायक आयुक्त खाद्य संरक्षा अश्वनी कुमार सिंह समेत पूरी टीम सक्रिय रूप से उपस्थित रही।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वाले या नियमों की अनदेखी करने वाले को किसी भी दशा में बख्शा नहीं जाएगा और पुष्टि होने पर उनके विरुद्ध दंडनात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।



