देहरादून

जनता की फरियाद पर प्रशासन सख्त, समाधान दिवस में 126 शिकायतें दर्ज.

खबर को सुने

बुजुर्गों के उत्पीड़न पर कडा एक्शन, भरण-पोषण कानून में वाद दर्ज.

देहरादून 06अक्टूबर2026.(क्रांति पथ न्यूज ब्यूरो:Jaibir Rawat).
कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऋषिपर्णा सभागार में सोमवार को आम जनता की समस्याओं के त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से ‘समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के दिशा-निर्देशों के तहत अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित इस जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 126 शिकायतें दर्ज की गईं।

एडीएम के.के. मिश्रा ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की हिदायत दी। इस दौरान उन्होंने सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की भी गहन समीक्षा की और प्राथमिकता के आधार पर उनका जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए।

बुजुर्गों के दर्द पर तत्काल कार्रवाई.
पुत्र पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए 73 वर्षीय बुजुर्ग मदनलाल भल्ला ने बताया कि कारोबार स्थापित करने में मदद के बावजूद सफल होने पर बेटे ने बुढ़ापे में उन्हें बेसहारा छोड़ दिया। प्रशासन ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए मौके पर ही भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। 74 वर्षीय विधवा रेणुका खनका द्वारा बहू पर पैतृक संपत्ति हड़पने, मारपीट और देखभाल न करने का आरोप लगाने पर सीओ रायपुर तथा महिला सेल को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

अवैध कब्जे व निर्माण कार्य पर सख्ती.
गायत्री विहार के एक बुजुर्ग दंपत्ति द्वारा वैध संपत्ति पर पड़ोसी के अवैध कब्जे और एमडीडीए के सीलिंग आदेशों का पालन न होने की शिकायत पर एमडीडीए को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सेवाकलां निवासी संजय कुमार की पुश्तैनी भूमि पर पड़ोसी द्वारा कब्जे और धमकी की शिकायत पर एसडीएम सदर को सख्त कदम उठाने को कहा गया।

रेसकोर्स निवासी आशीष बड़थ्वाल द्वारा पूर्व पार्षद पर नियम विरुद्ध तीन मंजिला व्यावसायिक भवन निर्माण व अवैध गतिविधियों का आरोप लगाने पर एसडीएम सदर व पुलिस क्षेत्राधिकारी को स्थलीय निरीक्षण के आदेश जारी किए गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button